
मैनपुर। जिले में हुई मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ और जलभराव की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शनिवार को मैनपुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में फसल, मकान और अन्य जन-धन की क्षति का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि प्रभावित लोगों को शासन के नियमानुसार राहत एवं मुआवजे का लाभ जल्द मिल सके।
किसानों के खेतों में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे की जांच
कलेक्टर शर्मा ने ग्राम पंचायत गोपालपुर के आश्रित ग्राम साल्हेभाठा में किसानों के खेतों में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने किसानों से उनकी बोई गई फसल, फसल का रकबा और सिंचाई की स्थिति के संबंध में जानकारी ली।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत किसानों के खेतों में जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से फसल का विवरण, खेत का क्षेत्रफल, GPS लोकेशन और सिंचाई की स्थिति जैसी जानकारियां डिजिटल रूप से दर्ज की जाती हैं।
कलेक्टर ने किसानों से कहा कि वे सर्वेयर को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और सर्वे कार्य में सहयोग करें, ताकि फसल संबंधी आंकड़े सही तरीके से दर्ज हो सकें।




