उत्तर प्रदेश

गोहरापदर में धूमधाम से मनाया गया गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव, राउत नाचा और सुवा नृत्य ने बांधा समां

गोहरापदर में धूमधाम से मनाया गया गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव, राउत नाचा और सुवा नृत्य ने बांधा समां

प्रधान संपादक खिरसिन्दुर नागेश प्रधान संपादक खिरसिन्दुर नागेश

गोहरापदर में धूमधाम से मनाया गया गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव, राउत नाचा और सुवा नृत्य ने बांधा समां

गरियाबंद से हेमचंद नागेश कि रिपोर्ट

गरियाबंद। जिले के गोहरापदर में सर्व यादव समाज के तत्वावधान में गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक आस्था के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में समाज के लोगों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

 

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र का अहंकार दूर करने तथा ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर धारण किया था। सात दिनों तक भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों एवं पशु-पक्षियों को इंद्रदेव के प्रकोप से सुरक्षित रखा था। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है। यह पर्व प्रकृति, गौवंश एवं पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक भी माना जाता है।

 

महोत्सव का शुभारंभ सर्व यादव समाज द्वारा भव्य कलश यात्रा निकालकर किया गया। कलश यात्रा नगर भ्रमण करते हुए धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुई। इसके पश्चात विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई तथा गौ माता की पूजा कर उन्हें खिचड़ी खिलाई गई। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का तिलक-चंदन एवं बैच लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

 

इस अवसर पर समाज द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ बैठकर खिचड़ी एवं भोजन ग्रहण किया। आयोजन में सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का सुंदर संदेश देखने को मिला।

 

महोत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। कार्यक्रम में राउत नाचा, सुवा नृत्य एवं बानाबाड़ी की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। ढोल, नगाड़े और मांदर की थाप पर पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। राउत नाचा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और यादव समाज की गौरवशाली परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं सुवा नृत्य एवं अन्य लोक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

 

गोवर्धन पूजा के इस पर्व पर गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधिवत पूजा-अर्चना करने की परंपरा का भी विशेष महत्व रहा। इस अवसर पर गौवंश के प्रति सम्मान एवं उनके संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रमुखों द्वारा गोहरापदर क्षेत्र के गौ पालकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें श्रीफल एवं गमछा भेंटकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस पहल के माध्यम से गौ सेवा और पशुपालन के महत्व को रेखांकित करते हुए गौ पालकों का उत्साहवर्धन किया गया।

अंत में विधि-विधान के साथ महाआरती संपन्न हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और इसी के साथ गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव का समापन हुआ। सर्व यादव समाज द्वारा आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, गौ सेवा और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति को सहेजने का एक सराहनीय उदाहरण बना।

*हमारे यूट्यूब चैनल Deobhog news express को सब्सक्राइब करें*

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
error: Content is protected !!