
मैनपुर से बड़ी खबर: कुल्हाड़ी लेकर युवक ने मचाया आतंक, एक ग्रामीण की हत्या, एक घायल
हेमचंद नागेश कि रिपोर्ट
मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के शोभा थाना अंतर्गत ग्राम पेंड्रा से बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांव के ही हीरा नामक युवक ने एक ग्रामीण पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं हमले में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद आरोपी युवक कथित तौर पर कुल्हाड़ी लेकर गांव में घूम रहा है और सामने आने वाले लोगों को दौड़ा रहा है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि पुलिस और ग्रामीणों को देखते ही युवक अपने कमरे में घुस जाता है और पुलिस द्वारा बाहर से निगरानी किए जाने पर गुलेल से भी हमला करने का प्रयास कर रहा है।
स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस आरोपी को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। युवक के हाथ में कुल्हाड़ी होने के कारण पुलिस बेहद सावधानी से कार्रवाई कर रही है।
घटना के बाद ग्राम पेंड्रा में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। फिलहाल आरोपी युवक को काबू करने के लिए पुलिस द्वारा प्रयास जारी है।




