
मैनपुर में धूमधाम से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी, अमन-शांति की मांगी दुआ
मैनपुर। इस्लामी माह रबीउल अव्वल की 12 तारीख को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व गरियाबंद जिले के तहसील मुख्यालय मैनपुर नगर में मुस्लिम समाज द्वारा बड़े ही धूमधाम और शानो-शौकत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रजा मस्जिद एवं मदरसा में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई तथा प्रदेश और देश में अमन, शांति एवं खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।
बुधवार सुबह करीब 8 बजे मुस्लिम समाज के लोग रजा मस्जिद मैनपुर में एकत्र हुए। यहां मौलाना सिब्तैन रजा साहब ने परचम कुशाई की रस्म अदा की। इसके बाद सलातो-सलाम का नजराना पेश किया गया और मुल्क व प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे एवं खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।
ईद मिलादुन्नबी को लेकर मुस्लिम समाज में पिछले करीब एक पखवाड़े से खासा उत्साह देखने को मिल रहा था। पर्व को लेकर मैनपुर नगर को तोरण-पताकों और विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। वहीं, पिछले दस दिनों से रजा मस्जिद में नूरानी तकरीर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मदरसा परिसर में आम लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। पर्व के दौरान मैनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल भी देखने को मिली। नगर में हिंदू-मुस्लिम समाज के लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद मिलादुन्नबी की बधाई देते नजर आए।
मैनपुर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए गए इस पर्व ने नगर की सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भाव की परंपरा को और मजबूत किया।




