राजभवन बेंती में दिव्य राम कथा की तैयारियां तेज राजा भइया ने कथा स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
राजभवन बेंती में दिव्य राम कथा की तैयारियां तेज राजा भइया ने कथा स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश

राजभवन बेंती में दिव्य राम कथा की तैयारियां तेज
राजा भइया ने कथा स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
रिपोर्ट: गुलाब जायसवाल ✍️📰
कुंडा, प्रतापगढ़। आगामी 17 से 20 नवंबर 2026 तक राजभवन बेंती कुंडा के परेड ग्राउंड में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के प्रस्तावित चार दिवसीय दिव्य राम कथा आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से होने वाली कथा को लेकर आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है।रविवार को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ राजभवन बेंती स्थित परेड ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने प्रस्तावित कथा स्थल का भ्रमण कर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मंच निर्माण, विशाल पंडाल, टेंट, लाइट, साउंड सिस्टम, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।राजा भइया ने आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था सहित भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।आयोजन समिति से जुड़े लोगों के अनुसार कथा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। बागेश्वर धाम सरकार की कथा को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए परेड ग्राउंड में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। मुख्य कथा मंच को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।
आयोजन स्थल को भगवा ध्वज, फूल-मालाओं, झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाने की तैयारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। भीड़ को नियंत्रित करने, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।




