केबीसी के मंच से बाबू पट्टी को याद कर भावुक हुए अमिताभ बच्चन प्रतापगढ़ का लाल किया कमाल*
केबीसी के मंच से बाबू पट्टी को याद कर भावुक हुए अमिताभ बच्चन प्रतापगढ़ का लाल किया कमाल*

*केबीसी के मंच से बाबू पट्टी को याद कर भावुक हुए अमिताभ बच्चन प्रतापगढ़ का लाल किया कमाल*
रिपोर्ट: गुलाब जायसवाल ✍️📰*
*पैतृक गांव में लाइब्रेरी शुरू कराने का दिया भरोसा, पट्टी के चंद्र प्रकाश तिवारी ने जीते पांच लाख रुपये*
पट्टी। कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के शुक्रवार के प्रसारण में प्रतापगढ़ के पट्टी क्षेत्र का नाम महानायक अमिताभ बच्चन की जुबान पर आया तो क्षेत्र के लोगों की नजरें टीवी स्क्रीन पर टिक गईं। हॉट सीट पर पहुंचे पट्टी क्षेत्र के डड़वा गहोखरी निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी ने जब बताया कि वह अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव बाबू पट्टी के आसपास के रहने वाले हैं, तो बिग बी ने अपने पूर्वजों और गांव से जुड़ी यादें साझा कीं।
अमिताभ बच्चन ने बताया कि उनके पूर्वज बाबू पट्टी से आए थे और वहीं उनके बाबू जी का जन्म हुआ था। उन्होंने कहा कि गांव में कुछ करने की उनकी इच्छा थी, लेकिन कुछ कारणों से काम पूरा नहीं हो सका। उन्होंने बाबू पट्टी के लोगों से माफी मांगते हुए जल्द ही लाइब्रेरी शुरू कराने की बात कही।
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी जया बच्चन भी गांव गई थीं और वहां लाइब्रेरी शुरू करने का विचार था। इसके लिए भवन तैयार हो चुका है, लेकिन लाइब्रेरी शुरू नहीं हो सकी। अमिताभ ने चंद्र प्रकाश से मजाकिया अंदाज में कहा कि वह गांव जाकर लोगों को बता दें कि जल्द लाइब्रेरी शुरू कराई जाएगी।
*10 सवालों के बाद जीते पांच लाख*
केबीसी में चंद्र प्रकाश तिवारी ने 10 सवालों का सही जवाब देकर पांच लाख रुपये जीते। वह 11वें सवाल पर अटक गए। सवाल था कि रानी लक्ष्मीबाई ने किस स्थान पर वीरगति पाई थी। फिफ्टी-फिफ्टी लाइफलाइन लेने के बाद भी वह सही उत्तर नहीं दे सके और खेल से बाहर हो गए। खास बात यह रही कि उस समय उनके पास दो लाइफलाइन अभी शेष थीं।
टीवी के सामने डटे रहे गांव-क्षेत्र के लोग
चंद्र प्रकाश तिवारी के केबीसी में चयन की जानकारी मिलते ही उनके पैतृक गांव डड़वा गहोखरी और आसपास के क्षेत्र में उत्सुकता बनी हुई थी। शुक्रवार को प्रसारण के दौरान रिश्तेदारों और परिचितों ने टीवी के सामने बैठकर कार्यक्रम देखा। अमिताभ बच्चन के साथ चंद्र प्रकाश की बातचीत और हंसी-मजाक के दौरान दर्शकों में खास उत्साह नजर आया।
चंद्र प्रकाश ने अमिताभ बच्चन को बताया कि वह दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करते हैं। इस पर बिग बी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में उनसे कई सवाल पूछे और माहौल को हल्का-फुल्का बना दिया।
अमिताभ बच्चन ने चंद्र प्रकाश के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि का चेक भी जारी किया। केबीसी के मंच पर पट्टी क्षेत्र के युवक की मौजूदगी और बाबू पट्टी को लेकर अमिताभ बच्चन की भावुक बातचीत ने स्थानीय लोगों का ध्यान खींचा।



