
सब्जी में नमक कम था… बहू को मिली ऐसी ‘सजा’ कि सुनकर दहल जाएंगे आप!
गरियाबंद में घरेलू हिंसा का कथित खौफनाक मामला, विवाहिता ने पति और सास-ससुर पर लगाए गंभीर आरोप
गरियाबंद। अमलीपदर थाना क्षेत्र के गुरुजी भाटा गांव से घरेलू हिंसा का कथित सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि सब्जी में नमक कम होने की बात को लेकर 23 वर्षीय विवाहिता रीना साहू के साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने अपने पति, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के मुताबिक, विवाद के दौरान उसके सास-ससुर ने उसे जबरन पकड़कर मुंह में गुड़ाखू ठूंसने और नाक में खाने का तेल डालने जैसी कथित हरकत की। पीड़िता के मायके पक्ष ने शादी के बाद से दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया है।
घटना के बाद पीड़िता अमलीपदर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
आखिर सब्जी में नमक कम होने पर विवाद इतना बढ़ा कि विवाहिता को ऐसी कथित सजा क्यों दी गई? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।




