ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा-2026 को लेकर नूंह पुलिस अलर्ट, एसपी डॉ. अर्पित जैन ने दिए सख्त निर्देश।
ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा-2026 को लेकर नूंह पुलिस अलर्ट, एसपी डॉ. अर्पित जैन ने दिए सख्त निर्देश।

ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा-2026 को लेकर नूंह पुलिस अलर्ट, एसपी डॉ. अर्पित जैन ने दिए सख्त निर्देश।
निखिल शर्मा कि रिपोर्ट
3 अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा-2026 के मद्देनजर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। नूंह के पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने जिला पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने उद्घोषित अपराधियों (PO) और बेल जंपरों की गिरफ्तारी अभियान तेज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गोकशी, गो-तस्करी, साइबर अपराध, चोरी, लूट, नशा तस्करी, महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराध तथा पत्थर चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने अपराधियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को अटैच करने और आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। थानों के आसपास सक्रिय दलालों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
एसपी ने जिले में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उन पर लगातार निगरानी रखने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक पोस्ट और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कंटेंट पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। वहीं शादी समारोहों में वाहनों पर खड़े होकर स्टंट करने, हुड़दंग मचाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नूंह पुलिस ने ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का भरोसा जताया।




