गरियाबंदछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़युवाशिक्षा

स्कूली बच्चों की समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस ने खोला मोर्चा पीएम आवास में कक्षाएं, जर्जर भवनों में पढ़ाई को मजबूर बच्चे; सात दिन का अल्टीमेटम

स्कूली बच्चों की समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस ने खोला मोर्चा पीएम आवास में कक्षाएं, जर्जर भवनों में पढ़ाई को मजबूर बच्चे; सात दिन का अल्टीमेटम

प्रधान संपादक खिरसिन्दुर नागेश

स्कूली बच्चों की समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस ने खोला मोर्चा

 

पीएम आवास में कक्षाएं, जर्जर भवनों में पढ़ाई को मजबूर बच्चे; सात दिन का अल्टीमेटम

 

देवभोग। क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और जर्जर भवनों की समस्या को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्कूली बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

 

ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के कई स्कूलों में पर्याप्त भवन एवं अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को वैकल्पिक व्यवस्थाओं में पढ़ाई करनी पड़ रही है। कुछ स्थानों पर पीएम आवास जैसे भवनों में कक्षाएं संचालित होने की स्थिति सामने आई है, वहीं जर्जर स्कूल भवनों में भी बच्चों को जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने की मजबूरी बनी हुई है। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

 

अतिरिक्त कक्ष और फर्नीचर उपलब्ध कराने की मांग

 

युवा कांग्रेस ने प्रशासन से स्कूलों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की है। ज्ञापन में विद्यालयों के लिए आवश्यक नए एवं अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, जर्जर भवनों की मरम्मत अथवा सुरक्षित भवन की व्यवस्था, बच्चों के लिए पर्याप्त कुर्सी-टेबल तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई है।

 

पदाधिकारियों का कहना है कि बच्चों के लिए स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि उनके सुरक्षित भविष्य की नींव है। ऐसे में उन्हें असुरक्षित या अनुपयुक्त भवनों में पढ़ाना गंभीर चिंता का विषय है। प्रशासन को स्कूलों की जमीनी स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

 

सात दिनों का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

 

युवा कांग्रेस ने प्रशासन को समस्याओं के समाधान के लिए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो पालकों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

 

युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यह मामला किसी राजनीतिक स्वार्थ का नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। स्कूल भवन, फर्नीचर और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन ग्रामीणों और पालकों को साथ लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेगा।

 

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

 

कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन के दौरान युवा कांग्रेस जिला महासचिव सिद्धार्थ निधि, आदिवासी प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष भोले माझी, सोशल मीडिया प्रभारी आरके नागेश और हेमंत मरकाम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

युवा कांग्रेस ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

*हमारे यूट्यूब चैनल Deobhog news express को सब्सक्राइब करें*

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
error: Content is protected !!