धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, विधायक जनक ध्रुव ने फहराया तिरंगा
धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, विधायक जनक ध्रुव ने फहराया तिरंगा

मैनपुर में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे के रंग में रंगा नगर
मैनपुर। गरियाबंद जिले के तहसील मुख्यालय मैनपुर नगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर के सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान के साथ देश की आन-बान-शान तिरंगे को सलामी दी गई। इस दौरान स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर नगर में देशभक्ति का संदेश दिया।
मैनपुर नगर सहित पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह “भारत माता की जय” के गगनभेदी जयकारे गूंजते रहे और देशभक्ति गीतों से वातावरण उत्साह और राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।
हमर मैनपुर चौक में मुख्य समारोह
नगर के हमर मैनपुर चौक में आयोजित मुख्य समारोह में बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने गरिमामय माहौल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद विधायक ने तिरंगे को सलामी दी। समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
विधायक जनक ध्रुव ने समारोह को संबोधित करते हुए देश की रक्षा में तैनात वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने युवाओं से सेना एवं सुरक्षा बलों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
स्कूली बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ शिक्षा और खेल के क्षेत्र में मैनपुर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विधायक जनक ध्रुव ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
देशप्रेम के नारों के साथ हुआ समापन
स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन मिष्ठान वितरण और देशप्रेम के नारों के साथ हुआ। विधायक जनक ध्रुव ने मैनपुर क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
मैनपुर में स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति का संदेश छोड़ गया।


