सेवा संकल्प अभियान को लेकर विद्यालय मुखियाओं की बैठक, 17 सितंबर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर विद्यालय मुखियाओं की बैठक, 17 सितंबर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर विद्यालय मुखियाओं की बैठक, 17 सितंबर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं।
निखिल शर्मा/ हथीन
हथीन। सेवा संकल्प अभियान के सफल संचालन को लेकर शहीद नायक राजेंद्र सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल हथीन में खंड हथीन के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के मुखियाओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी हथीन ओमपाल तेवतिया ने किया, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य कंवर भान ने की।
खंड शिक्षा अधिकारी ओमपाल तेवतिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और सामाजिक जागरूकता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यालय मुखियाओं से अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
खंड नोडल अधिकारी रविन्द्र दीक्षित ने बताया कि अभियान के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के लिए दो समूह बनाए गए हैं। पहले समूह में कक्षा 1 से 8वीं तक तथा दूसरे समूह में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक प्रत्येक विद्यालय में विद्यालय स्तर पर ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक ड्राइंग प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी की दो-दो मिनट की वीडियो एवं फोटोग्राफी भी करवाई जाएगी।
18 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रत्येक विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद 19 सितंबर को खंड स्तर पर ड्राइंग प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता शहीद नायक राजेंद्र सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हथीन में होगी।
खंड स्तर पर चयनित 80 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को 22 सितंबर को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा।
नोडल अधिकारी रविन्द्र दीक्षित ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 24 सितंबर को खंड के प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा रंगोली बनाई जाएगी। उन्होंने सभी विद्यालय मुखियाओं से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार गतिविधियां आयोजित करवाने तथा विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में सीआरसी शिव कुमार गुप्ता, बृज किशोर, प्राचार्य कंवर भान, प्रिंसिपल बलराम, कुलदीप राठी, विजय कौशिक, अश्वनी कुमार, आर.के. सिंह, भीम सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।




