अंतरराष्ट्रीय शोध जगत में चमका कटरा गुलाब सिंह का नाम: डॉ. अभय प्रकाश श्रीवास्तव की उल्लेखनीय वैज्ञानिक उपलब्धि
अंतरराष्ट्रीय शोध जगत में चमका कटरा गुलाब सिंह का नाम: डॉ. अभय प्रकाश श्रीवास्तव की उल्लेखनीय वैज्ञानिक उपलब्धि

अंतरराष्ट्रीय शोध जगत में चमका कटरा गुलाब सिंह का नाम: डॉ. अभय प्रकाश श्रीवास्तव की उल्लेखनीय वैज्ञानिक उपलब्धि
प्रशांत दुबे कि रिपोर्ट
कटरा गुलाब सिंह क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता डॉ. अभय प्रकाश श्रीवास्तव का महत्वपूर्ण शोध प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल Optical and Quantum Electronics में प्रकाशित हुआ है। डॉ. अभय प्रकाश श्रीवास्तव, स्वर्गीय भुवन प्रकाश श्रीवास्तव के सुपुत्र हैं तथा उनकी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा अमर जनता इंटर कॉलेज, कटरा गुलाब सिंह से हुई है। वर्तमान समय में वे संस्कृति विश्वविद्यालय, मथुरा में प्रथम वर्ष विभागाध्यक्ष (HOD, First Year) एवं भौतिकी विभाग में सहायक आचार्य (Assistant Professor of Physics) के पद पर कार्यरत हैं। उनका शोध कार्य आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से सराहा जा रहा है, जो पूरे कटरा गुलाब सिंह क्षेत्र के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय बन गया है।
यह शोध “First-principles investigation of MnBi₄Te₇ and MnBi₆Te₁₀ toward infrared, magneto-optical, and plasmonic applications” शीर्षक के अंतर्गत प्रकाशित हुआ है। इस शोध कार्य में डॉ. अभय प्रकाश श्रीवास्तव के साथ मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के प्रोफेसर बृजेश कुमार पांडेय ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अध्ययन में वैज्ञानिकों ने MnBi₄Te₇ और MnBi₆Te₁₀ नामक उन्नत चुंबकीय पदार्थों के संरचनात्मक, यांत्रिक, तापीय, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रकाशीय गुणों का विस्तृत अध्ययन “घनत्व फलन सिद्धांत” (Density Functional Theory – DFT) तकनीक की सहायता से किया। शोध में यह पाया गया कि ये पदार्थ भविष्य की क्वांटम तकनीक, स्पिन्ट्रॉनिक्स, इंफ्रारेड सेंसर तथा मैग्नेटो-ऑप्टिकल उपकरणों के विकास में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं।
शोध के अनुसार इन पदार्थों में लगभग “1 इलेक्ट्रॉन वोल्ट (1 eV)” ऊर्जा क्षेत्र में अत्यधिक प्रकाश अवशोषण क्षमता पाई गई है, जो इन्हें आधुनिक ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक एवं प्लास्मोनिक उपकरणों के लिए उपयुक्त बनाती है। इसके अतिरिक्त इनकी परतदार संरचना, उच्च यांत्रिक स्थिरता तथा नियंत्रित तापीय गुण भविष्य में ऊर्जा-कुशल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और क्वांटम कंप्यूटिंग तकनीकों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
डॉ. अभय प्रकाश श्रीवास्तव की इस उपलब्धि से न केवल संस्कृति विश्वविद्यालय, मथुरा एवं वैज्ञानिक समुदाय गौरवान्वित है, बल्कि कटरा गुलाब सिंह क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को भी विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान, प्रेरणा और गौरव का ऐतिहासिक क्षण बताया है।




