
बढ़े बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, गांव-गांव पहुंचेगा अभियान
गरियाबंद। बढ़े हुए बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और महंगाई जैसे जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को जिला कांग्रेस भवन गरियाबंद में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बिजली विभाग के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। कांग्रेस ने संकेत दिया कि बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की शिकायतों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक ले जाकर जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में जिले के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व विधायक-संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने की। विशेष अतिथि के रूप में विधायक जनक ध्रुव एवं जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम मौजूद रहे।
स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
बैठक में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रभारी विनोद चंद्राकर ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और इन्हें लेकर उपभोक्ताओं की ओर से कई तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ उपभोक्ता बिजली बंद रहने के बावजूद मीटर रीडिंग बढ़ने की शिकायत कर रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल के मुद्दे को जनता की वास्तविक समस्याओं से जोड़कर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाए। बूथ स्तर तक पहुंचकर उपभोक्ताओं की शिकायतें एकत्रित करने और उन्हें संगठन के माध्यम से उठाने पर जोर दिया गया।
‘जनता की आवाज बने कांग्रेस’
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर आम लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
विधायक जनक ध्रुव ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस को जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों में सक्रियता बढ़ाने और आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने की अपील की।
बिजली से महंगाई तक सरकार को घेरने की तैयारी
बैठक में महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और सरकार की नीतियों को लेकर भी चर्चा हुई। प्रभारी विनोद चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करना होगा। संगठन को बूथ, सेक्टर और मंडल स्तर तक मजबूत करते हुए जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की जरूरत है।
बैठक में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग, बढ़े हुए बिजली बिल के विरोध और बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन को लेकर चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार करने पर चर्चा हुई। आंदोलन को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखकर गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया गया।
बूथ से गांव तक पहुंचेगा कांग्रेस का अभियान
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले दिनों में संगठन की सक्रियता जमीनी स्तर पर दिखाई देनी चाहिए। बूथ अध्यक्षों, सेक्टर अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से उपभोक्ताओं की समस्याएं जुटाकर उन्हें आंदोलन से जोड़ने की तैयारी की जाएगी।
बैठक का संचालन नीरज ठाकुर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रमेश शर्मा ने किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रभारी विनोद चंद्राकर, जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा, विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम सहित पवन सोनकर, लोकेंद्र कोमर्रा, सन्नी मेमन, छगन यादव, प्रहलाद यदु, माहेश्वरी शाह, अमित मिरी, भूपेंद्र मांझी, रामकृष्ण ध्रुव, ललिता यादव, युगल पांडेय, सेवन पुजारी, मेघनाथ बघेल, प्रकाश कोमर्रा, लखन लाल साहू, सोदर कश्यप, महेश्वर बघेल, पंकज मांझी, चमन साहू, निलाधर साहू, वासुदेव बीसी सहित जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


