हरियाणा में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की नई पहल सभी विभागों को UMANG, MyScheme, DigiLocker और Entity Locker से जोड़ने के निर्देश।
हरियाणा में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की नई पहल सभी विभागों को UMANG, MyScheme, DigiLocker और Entity Locker से जोड़ने के निर्देश।

हरियाणा में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की नई पहल
सभी विभागों को UMANG, MyScheme, DigiLocker और Entity Locker से जोड़ने के निर्देश।
निखिल शर्मा हथीन की रिपोर्ट
पलवल। हरियाणा सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस को और अधिक प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सभी विभागों, बोर्डों और निगमों को UMANG, MyScheme, DigiLocker तथा Entity Locker जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और आमजन के लिए सुलभ बनाना है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग, बोर्ड एवं निगम इस कार्य के समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक-एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नामित अधिकारी विभागीय स्तर पर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का समन्वय करेंगे और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिकतम सरकारी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें घर बैठे विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म और सेवाओं का शीघ्र एकीकरण सुनिश्चित करें तथा इस कार्य की नियमित समीक्षा भी करें। इससे सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और नागरिकों को तेज एवं सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत हरियाणा सरकार लगातार तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा दे रही है। UMANG, MyScheme, DigiLocker और Entity Locker जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों और संस्थानों को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए तय समय में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया।



