
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, अंधड़-बारिश का भी अलर्ट; रायपुर में 41 डिग्री तक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते दिनों तापमान में आई गिरावट के बाद अब मौसम फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में गर्मी दोबारा असर दिखा सकती है, हालांकि दोपहर बाद कई इलाकों में अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है। पश्चिमी मानसून की गतिविधियां तेज होने से वातावरण में उमस बढ़ने के आसार हैं, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मंगलवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी का असर महसूस किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में सक्रिय हैं कई मौसमी सिस्टम
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से तमिलनाडु और मध्य पाकिस्तान से पश्चिम बंगाल तक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। वहीं अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी या उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के बावजूद उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी गरज-चमक के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।




