
किसान को खाद, बीज और डीजल की कमी पर किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कोंडागांव। किसानों को खाद, बीज और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर किसान कांग्रेस ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर कोंडागांव को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा एवं बस्तर संभाग प्रभारी फणीश दुबे के निर्देश पर जिला प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री गजेंद्र सिंह सिन्हा की उपस्थिति में जिलाध्यक्ष हीरालाल नेताम के नेतृत्व में किसान कांग्रेस, जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, आदिवासी कांग्रेस, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, यूथ कांग्रेस तथा अन्य कांग्रेस संगठनों के पदाधिकारियों ने किसानों से जुड़ी नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष हीरालाल नेताम ने कहा कि प्रदेश को धान का कटोरा कहा जाता है, लेकिन वर्तमान में किसान खाद, बीज, डीजल और अन्य कृषि सामग्री की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा निर्धारित सीमित मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराए जाने से अच्छी उपज संभव नहीं है। साथ ही खाद की कालाबाजारी भी बढ़ रही है, जिस पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के लिए किसानों को जरकिन में डीजल नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें बार-बार पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसान कांग्रेस ने सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की है।
ज्ञापन में धान खरीदी केंद्रों में हुए कथित घोटालों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसान हित में जल्द कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रितेश पटेल, गजेंद्र सिंह सिन्हा, हरमोहन कोहली, सकुर खान, संजय करन, नरेंद्र देवांगन, जेठू पोयाम, जयराम मरकाम, लखमू कोर्राम, पिलाराम बघेल, सेवक दीवान, सहदेव पोयाम, गोलू पोयाम, कमलेश दुबे, सन्नी चोपड़ा, लखी पोयाम, चुन्नीलाल नायक, धनशु नेताम, नीलू देवांगन, रंजीता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




