गरियाबंदछत्तीसगढ़
Trending

सेवा संकल्प अभियान को लेकर कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा, विभागों को तिथिवार कार्ययोजना बनाने के निर्देश

सेवा संकल्प अभियान को लेकर कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा, विभागों को तिथिवार कार्ययोजना बनाने के निर्देश

प्रधान संपादक खिरसिन्दुर नागेश

सेवा संकल्प अभियान को लेकर कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा, विभागों को तिथिवार कार्ययोजना बनाने के निर्देश

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जनभागीदारी पर रहेगा जोर

जिला मुख्यालय। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने रविवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अपनी-अपनी विभागीय गतिविधियों का तिथिवार कैलेंडर एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी के साथ गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाए।

उन्होंने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। अभियान की गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बच्चों के सपनों से सामने आएगी विकसित भारत की तस्वीर

अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अंतर्गत बच्चों के लिए ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चे अपने सपनों और कल्पनाओं में विकसित भारत की तस्वीर प्रस्तुत करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बच्चों द्वारा तैयार की गई रचनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित करने की योजना भी है।

‘नमो सेवा गाथा’ से गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन नाटकों के माध्यम से पिछले 25 वर्षों की जनसेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों से संबंधित जानकारी को सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान के तहत 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन भी प्रस्तावित है। इसके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनसे जुड़े अनुभवों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

‘आंगन का उत्सव’ में मातृ संवाद और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में माताओं एवं बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

‘आंगन का उत्सव’ के दौरान माताओं के साथ संवाद, बच्चों से जुड़ी गतिविधियों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करने की गतिविधियां भी शामिल रहेंगी।

सभी वर्गों की भागीदारी पर जोर

सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। अभियान की गतिविधियों को गांव से लेकर जिला स्तर तक संचालित करने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां और तिथिवार कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं।

प्रशासन का उद्देश्य अभियान की निर्धारित अवधि में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को जोड़ना है, ताकि ‘विकसित भारत-2047’ से जुड़े सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जा सके।

*हमारे यूट्यूब चैनल Deobhog news express को सब्सक्राइब करें*

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
error: Content is protected !!