
सनसनीखेज मामला! 4 दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव, मायके पक्ष ने जताया हत्या का संदेह

गड़े मुर्दे उखड़े तो सामने आया सनसनीखेज मामला! 4 दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव, मायके पक्ष ने जताया हत्या का संदेह

पाण्डुका थाना क्षेत्र के तर्रा गांव में संदिग्ध मौत का मामला, तहसीलदार की निगरानी में फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने निकलवाया शव
गरियाबंद/राजिम-:गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम तर्रा में 34 वर्षीय महिला बबीता नवरंगे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। अंतिम संस्कार के बाद मायके पक्ष द्वारा मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद करीब चार दिन बाद महिला का दफन शव दोबारा बाहर निकाला गया। तहसीलदार की निगरानी में पुलिस और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक बबीता नवरंगे की मौत 16 और 17 सितंबर की दरमियानी रात हुई थी। मृतका का मायका मचेवा, महासमुंद बताया गया है, जबकि उसका ससुराल ग्राम तर्रा में है। परिजनों के अनुसार घटना से एक दिन पहले 16 सितंबर को बबीता को उसके भाई प्रदीप बंजारे ने घर छोड़ा था। इसके बाद रात करीब 2 बजे परिजनों को फोन के माध्यम से उसकी मौत की जानकारी मिली। अचानक हुई मौत की सूचना और परिस्थितियों को लेकर मायके पक्ष ने संदेह जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की।
मायके पक्ष का आरोप है कि बबीता को शाम के समय ही घर छोड़ा गया था और कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर मिली। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों के अनुसार मृतका के मुंह से खून निकलने और कपड़ों पर मल लगे होने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन परिस्थितियों की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया गया है कि बबीता नवरंगे की शादी करीब 9 साल पहले मनोज नवरंगे से हुई थी। उनकी एक 7 वर्षीय बेटी भी है। मायके पक्ष ने मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
2019 में पति के खिलाफ दर्ज हुआ था मारपीट का मामला
मायके पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 में मारपीट के मामले को लेकर बबीता के पति मनोज नवरंगे के खिलाफ पाण्डुका थाने में मामला दर्ज हुआ था। इस पुराने मामले का वर्तमान मौत की घटना से क्या संबंध है, यह पुलिस जांच का विषय है।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
महिला के शव को अंतिम संस्कार के बाद दोबारा बाहर निकालना इस पूरे मामले को गंभीर बना रहा है। तहसीलदार की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम और पुलिस की निगरानी में शव निकाला गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बबीता नवरंगे की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मायके पक्ष के आरोप सही हैं या मौत के पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।




