
शौच के लिए गया किशोर तालाब में डूबा, मौत से मचा कोहराम
प्रतापगढ़:-जनपद के थाना बाघराय क्षेत्र के सरकदहा गांव में उस समय कोहराम मच गया जब 9 वर्षीय बालक शिवांश प्रजापति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिवांश, पुत्र शिवकुमार निवासी धनऊ का पुरवा सरकदहा, सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल से घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह शौच के लिए तालाब की ओर गया, जहां पैर फिसलने से वह तालाब की गहराई में जा गिरा। ग्रामीणों के अनुसार, बालक को डूबता देख कुछ लोगों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक मदद पहुंची, वह पानी में समा चुका था। सूचना पाकर मौके पर थाना प्रभारी बाघराय श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव बरामद हो सका। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि प्राथमिक विद्यालय में शौचालय की समुचित व्यवस्था होती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। बालक के स्कूल से निकलने के बाद तालाब तक पहुंचने की बात भी कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।




