
सोशल मीडिया पोस्ट में फिल्मी हस्तियों की चुप्पी पर उठाए सवाल, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष ने साधा निशाना।
गरियाबंद/अमलीपदर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अमलीपदर के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र राजपूत ने सोशल मीडिया के माध्यम से बॉलीवुड के कुछ प्रमुख कलाकारों की वर्तमान मुद्दों पर चुप्पी को लेकर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने अपने बयान में दावा किया कि वर्ष 2012–13 के दौरान अभिनेता अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, अनुपम खेर तथा अभिनेत्री जूही चावला ने पेट्रोल की कीमतों, महंगाई और रुपये की गिरती कीमत को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणियां की थीं। राजपूत ने कहा कि वर्तमान समय में भी पेट्रोल की कीमतों और रुपये की स्थिति को लेकर चर्चा होती रहती है, लेकिन इन कलाकारों की ओर से इस विषय पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिल रही है।
धीरेन्द्र राजपूत ने आरोप लगाया कि उस समय की टिप्पणियां राजनीतिक माहौल से प्रभावित थीं या फिर उस दौर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिक खुलकर उपयोग किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि आज की परिस्थितियों में कई सार्वजनिक हस्तियां ऐसे मुद्दों पर बोलने से बचती हुई दिखाई देती हैं।
अपने बयान में उन्होंने फिल्मी कलाकारों की भूमिका और सामाजिक जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर सभी प्रभावशाली व्यक्तियों को निष्पक्ष रूप से अपनी राय रखने का साहस दिखाना चाहिए।




