गरियाबंद

कलेक्टर श्री उईके ने सियान सेवा सदन का किया निरीक्षण

बुजुर्गों से आत्मीयता से मिले, वस्त्र-फल भेंट कर उत्तम स्वास्थ्य की कामना की

प्रधान संपादक खिरसिन्दुर नागेश प्रधान संपादक खिरसिन्दुर नागेश

 

जोहरमल प्रधान जिला संवाददाता 

 

कलेक्टर श्री उईके ने सियान सेवा सदन का किया निरीक्षण
बुजुर्गों से आत्मीयता से मिले, वस्त्र-फल भेंट कर उत्तम स्वास्थ्य की कामना की

गरियाबंद 29 सितम्बर 2025/ जिला मुख्यालय से लगे ग्राम भिलाई स्थित सियान सेवा सदन वृद्धाश्रम का आज कलेक्टर श्री बी एस उईके ने औचक निरीक्षण किया। समाज कल्याण विभाग के सहयोग से प्रेरक स्वयं सेवी संस्था द्वारा संचालित इस वृद्धाश्रम में वर्तमान में 18 बुजुर्ग निवासरत हैं। कलेक्टर श्री उईके ने सभी वरिष्ठजनों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। वहां मिलने वाले सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही रहने खाने की व्यवस्थाओं के बारे में भी पूछा। कलेक्टर ने बुजुर्गों को वस्त्र व फल भेंट किए तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। बुजुर्गों ने कलेक्टर से मुलाकात के दौरान अपने भाव प्रकट किए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और संस्था की देखभाल से उन्हें घर जैसा माहौल मिला है। कलेक्टर के आगमन से उन्हें आत्मीय खुशी मिली। इस अवसर पर कलेक्टर ने कोरोना काल के दौरान पश्चिम बंगाल से भटककर आई श्रीमती भगवती दास से भी मुलाकात की। भगवती दास को सियान सेवा सदन ने सहारा दिया है और वे अब यहीं निवासरत हैं। कलेक्टर ने उनसे आत्मीय बातचीत कर उनके सुख-दुख की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हमेशा उनके साथ है। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री डी पी ठाकुर, संस्था के प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान आश्रम परिसर, भोजनशाला, रसोईघर एवं निवास व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेकर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक सुझाव भी दिए।
कलेक्टर श्री उईके ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सेवा करना और उन्हें सम्मान देना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और आश्रम प्रबंधन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उल्लखेनीय है कि समाज कल्याण विभाग की ओर से इस आश्रम को खाद्यान्न, वस्त्र, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। वहीं प्रेरक स्वयं सेवी संस्था निरंतर समर्पण के साथ बुजुर्गों की देखभाल, स्वास्थ्य परीक्षण, मनोरंजन और दैनिक जीवन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है। कलेक्टर ने विभाग और संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में मानवीय संवेदनाओं को और सुदृढ़ करते हैं।

Advertisment

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
error: Content is protected !!