प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है उसे सही मंच और अवसर देने की। इस बात को एक बार फिर साबित करते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपुर के छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय एकलव्य खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पूरे गरियाबंद जिले का मान बढ़ाया है। रायगढ़ एवं धमतरी में 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मैनपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
छत्तीसगढ़ न्यूज़

गरियाबंद। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है उसे सही मंच और अवसर देने की। इस बात को एक बार फिर साबित करते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपुर के छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय एकलव्य खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पूरे गरियाबंद जिले का मान बढ़ाया है। रायगढ़ एवं धमतरी में 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मैनपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
प्रदेशभर के विभिन्न क्लस्टरों से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले में मैनपुर के छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता में टीम स्पर्धा से लेकर व्यक्तिगत खेल विधाओं तक खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी और विद्यालय के साथ-साथ मैनपुर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।

टीम स्पर्धा में स्वर्णिम प्रदर्शन, खो-खो में भी जमाया कब्जा
टीम स्पर्धा में मैनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और बेहतरीन रणनीति का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम के मुख्य आधार स्तंभ एवं कप्तान निरंजन, नरेंद्र कपिल और टेमन ने मैदान में बेहतरीन तालमेल और कप्तानी सूझबूझ का प्रदर्शन किया। उनके शानदार नेतृत्व की बदौलत विद्यालय एवं क्लस्टर की टीम ने राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
वहीं खो-खो प्रतियोगिता में भी मैनपुर की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया और रजत पदक पर कब्जा जमाया। इस टीम में विद्यालय के खिलाड़ी खिलेश्वर एवं नरोत्तम ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी चमके मैनपुर के सितारे
व्यक्तिगत खेल स्पर्धाओं में भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पदकों की झड़ी लगाई। योग प्रतियोगिता में ट्रिविकल ध्रुव ने अंडर-14 वर्ग में रजत पदक हासिल किया। वहीं योग विधा में ट्रिविकल एवं चित्रोत्पला ने भी रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
ऊंची कूद की अंडर-19 स्पर्धा में छात्रा सत रूपा ने कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसी तरह छात्र वर्ग में योग प्रतियोगिता के अंतर्गत योगेन्द्र कंवर ने रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त किया, जबकि शतरंज की अंडर-19 स्पर्धा में येसूर्या ध्रुव ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की।

विद्यालय पहुंचते ही विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपुर परिसर पहुंचने पर सहपाठियों एवं शिक्षकों ने ढोल-धमाकों के साथ भव्य स्वागत किया। खिलाड़ियों के गले में पदक और हाथों में ट्रॉफी देखकर विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल छा गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।
इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य नगेंद्र सिंह, गरियाबंद के सहायक आयुक्त लोकेश पटेल, खेल शिक्षक अशोक कुमार एवं प्रियंका राजपूत सहित समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया।
प्राचार्य नगेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यालय के बच्चों में असाधारण एवं प्राकृतिक प्रतिभा है। नियमित प्रशिक्षण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है कि आज हमारे विद्यार्थी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के विद्यार्थी भी किसी से पीछे नहीं हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करने का सशक्त जरिया भी है।
मैनपुर जैसे आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभाएं शहरों तक सीमित नहीं हैं। जरूरत है तो केवल बेहतर प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और अवसर की। राज्य स्तरीय मंच पर अपनी मेहनत से पहचान बनाने वाले इन होनहार खिलाड़ियों ने पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के सामने एक नई प्रेरणा और मिसाल पेश की है।




