
नूंह में खुद को पत्रकार बताकर ₹30 हजार की कथित वसूली, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज।
निखिल शर्मा कि रिपोर्ट
नूंह। नूंह पुलिस ने दुष्कर्म के एक नाबालिग पीड़िता से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर कथित रूप से ₹30,000 की वसूली करने के आरोप में स्वयं को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सरफुद्दीन निवासी गांव खानपुर घाटी, थाना पिनगवां, हाल आबाद नूंह के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने खुद को पत्रकार बताते हुए पुलिस अधिकारियों से गहरी पहचान होने का दावा किया और मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर पीड़ित परिवार से कथित रूप से ₹30,000 वसूल लिए।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस के नाम पर दलाली, अवैध वसूली या प्रभाव का झूठा दावा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच के दौरान किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी बिना किसी भेदभाव के विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नूंह पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस, अधिकारी, पत्रकार या किसी प्रभावशाली पहचान का हवाला देकर कार्रवाई कराने के नाम पर पैसे मांगता है, तो उसके झांसे में न आएं और इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने अपने संदेश में कहा, “न्याय बिकता नहीं, कानून सबके लिए समान है। दलालों और ठगों के लिए नूंह में कोई जगह नहीं।”




