
देवभोग पुलिस की पहल: ग्राम कैटपदर में जागरूकता कार्यक्रम, साइबर फ्रॉड व कानून की दी जानकारी
गरियाबंद। देवभोग थाना पुलिस द्वारा ग्राम कैटपदर में आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस दौरान पुलिस विभाग की टीम ने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों, यातायात नियमों के पालन, तथा महिला एवं बालकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचना चाहिए।
साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में भी कानूनों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों को कानून के प्रति जागरूक रहकर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया गया।




