
गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टायगर रिजर्व में वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में दो शिकारियों को रंगे हाथ पकड़कर बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 10 दिसंबर 2025 को इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर परिक्षेत्र के आरक्षित कक्ष क्रमांक 1225 में वन्यप्राणी खरगोश के अवैध शिकार के लिए बिछाए जा रहे जाल के साथ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
टीम ने मौके से स्नेयर तार के 28 फंदे जब्त किए। दोनों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52 तथा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31 एवं 52 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वैधानिक प्रक्रिया के बाद दोनों को माननीय न्यायालय प्रथम श्रेणी देवभोग में पेश कर उप-जेल गरियाबंद भेजा गया।
कार्रवाई वनसंरक्षक सतोविशा समाजदार, उप निदेशक वरुण जैन तथा सहायक संचालक (उदंती) मैनपुर गोपाल सिंह कश्यप के निर्देशन में की गई। इसमें वन परिक्षेत्र अधिकारी सुशील कुमार सागर, राकेश सिंह परिहार, कविन्द्र मिश्रा, रामकृष्ण साहू, तथा एंटी पोचिंग टीम के सदस्य देवीसिंग यादव और पुनीत राम ध्रुव सहित सुरक्षा श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि संरक्षित क्षेत्र में शिकार गतिविधियों पर सख्ती जारी रहेगी।




