लाटापारा में मनरेगा कार्य का घोटाला 8 लाख के रीचार्ज पिट में बड़ा खेल
लाटापारा में मनरेगा कार्य का घोटाला 8 लाख के रीचार्ज पिट में बड़ा खेल

लाटापारा में मनरेगा कार्य का घोटाला 8 लाख के रीचार्ज पिट में बड़ा खेल

देवभोग न्यूज़ :- जनपद पंचायत देवभोग के अंतर्गत ग्राम पंचायत लाटापारा में मनरेगा के तहत बनाए गए रीचार्ज पिट कार्यों में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 में लगभग 20 स्थानों पर 43-43 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत रीचार्ज पिट निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है, जिससे 8 लाख रुपये से अधिक की राशि पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार -: अरुण, खेमराज, गौतम, सुकल के घरों के पास, फुडेलपारा हाई स्कूल, कांडपारा स्कूल एवं बड़े लाटापारा स्कूल सहित विभिन्न स्थानों पर बनाए गए रीचार्ज पिट इस्टीमेट के विपरीत तैयार किए गए हैं। आरोप है कि गड्ढों की खुदाई निर्धारित 2 मीटर के बजाय कहीं 1 मीटर तो कहीं डेढ़ मीटर ही की गई है, वहीं सीमेंट और अन्य सामग्री में भी भारी कमीशनखोरी की गई है।
मनरेगा के तहत यह कार्य -: जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वीकृत किए गए थे, ताकि नलकूपों से निकलने वाले पानी का समुचित उपयोग हो सके, लेकिन निर्माण एजेंसी की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण यह उद्देश्य अधूरा रह गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि -: स्थानीय अधिकारियों को इस गड़बड़ी की पूरी जानकारी होने के बावजूद भी न केवल कोई कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि कार्यों का सत्यापन कर भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
जांच की मांग :- ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में भी इस तरह के भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।
प्रावधानों की अनदेखी :- निर्धारित मापदंडों के अनुसार रीचार्ज पिट के लिए 2 मीटर गहराई, 4 फीट गोलाई और 4 इंच बेस कार्य आवश्यक था, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा इन सभी नियमों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से कार्य किया गया।



